इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2 रिव्य,क्राइम और एक्शन का धमाका

उत्तर प्रदेश के बैकग्राउंड पर बनी वेब सीरीज ‘इंस्पेक्टर अविनाश’ अपने दूसरे सीजन के साथ एक बार फिर कॉप-थ्रिलर की दुनिया में लौट आई है. नीरज पाठक के डायरेक्शन में बनी यह सीरीज अपराध, राजनीति और पर्सनल संघर्षों का एक ऐसा मेल है, जो दर्शकों को कुर्सी से बांधे रखने की कोशिश करती है. 10 एपिसोड की इस सीरीज में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अविनाश मिश्रा के उसी बेखौफ अंदाज को आगे बढ़ाया गया है, जिसे रणदीप हुड्डा ने अपनी दमदार अदाकारी से फिर जान फूंक दी है.

हालांकि, कॉप ड्रामा में अक्सर देखी जाने वाली कुछ घिसी-पिटी बातें यहां भी मौजूद हैं, लेकिन कलाकारों की परफॉर्मेंस और कहानी में आने वाले जज्बाती मोड़ इसे एक बार देखने लायक जरूर बनाते हैं. सस्पेंस और एक्शन के शौकीनों के लिए यह सीजन काफी मसालेदार साबित होने वाला है.

अपराध और परिवार के बीच फंसा ‘अविनाश’
सीरीज की कहानी इस बार सिर्फ अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इंस्पेक्टर अविनाश के पर्सनल लाइफ में आए तूफान को भी दिखाती है. इस सीजन में अविनाश का मुकाबला ‘शेख’ (अमित सियाल) और ‘देवी’ (अभिमन्यु सिंह) के खतरनाक हथियारों के गिरोह से है. लेकिन कहानी तब गंभीर मोड़ लेती है जब अविनाश के खुद के बेटे पर हत्या का गलत आरोप लग जाता है. घर में पत्नी की नाराजगी और बाहर दुश्मनों की साजिशों के बीच अविनाश किस तरह कानून और अपने परिवार की गरिमा को बचाता है, यही इस सीजन का मेन अट्रैक्शन है.

रणदीप हुड्डा का एक बार फिर चला जादू
इस पूरी सीरीज की सबसे मजबूत कड़ी रणदीप हुड्डा हैं. उन्होंने अविनाश मिश्रा के किरदार में जान फूंक दी है. चाहे वह अपराधियों से टकराने वाला गुस्सा हो या अपने परिवार के लिए उनकी आंखों में दिखने वाला दर्द, रणदीप ने हर इमोशन को बखूबी जिया है. उनके वन-लाइनर्स और एक्शन करने का अंदाज इतना सहज है कि वह स्क्रीन पर पूरी तरह छा जाते हैं. रणदीप की यह खासियत है कि वह गंभीर दृश्यों के बीच में भी हल्के-फुल्के हास्य और रोमांस का तड़का लगाना जानते हैं, जो दर्शकों को बोरियत महसूस नहीं होने देता. इसके साथ ही अविनाश का कभी-कभी सीधे दर्शकों से बात करना, बहुत अच्छा असर डालता है.

वहीं सीरीज में रणदीप के अलावा बाकी कलाकारों ने भी बेहतरीन काम किया है. उर्वशी रौतेला ने अविनाश की पत्नी पूनम के रूप में एक सेंसटिव परफॉर्मेंस दी है, जो अपने पति के खतरनाक पेशे और परिवार के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही हैं. उर्वशी रौतेला की एक्टिंग के लिए तो आपको ये सीरीज देखना ही चाहिए. विलेन के रूप में अभिमन्यु सिंह काफी खौफनाक नजर आते हैं, वहीं अमित सियाल ने ‘शेख’ के किरदार को अपनी चिर-परिचित खामोशी और क्रूरता के साथ निभाया है. शालिन भनोट दोस्ती और वफादारी के सीन में जंचते हैं, जबकि फ्रेडी दारूवाला और रजनीश दुग्गल जैसे कलाकारों ने भी कहानी के माहौल को और गंभीर बनाने में मदद की है.

कहानी की कुछ कमजोर कड़ियां
एक्टिंग के मामले में सीरीज जितनी मजबूत है, राइटिंग के मामले में कई मौकों पर उतनी ही कमजोर पड़ जाती है. कहानी के कुछ सब-प्लॉट्स, जैसे डॉ. सुमन का ट्रैक, थोड़े खींचे हुए और बनावटी लगते हैं. कुछ किरदारों के फैसले रियलिटी से परे नजर आते हैं, जो आपको थोड़ा खटक सकते हैं. साथ ही, बीच के एपिसोड में कहानी थोड़ी धीमी हो जाती है और कॉप-थ्रिलर की वही पुरानी घिसी-पिटी बातों का सहारा लेती है, जिससे सस्पेंस का ग्राफ थोड़ा नीचे गिर जाता है.

डायलॉग भी कुछ खास असर नहीं छोड़ते, जिससे कई बार जरूरत से ज्यादा ये फिल्मी लगने लगती है. वहीं अविनाश के पंडित जी की कहानी को इस सीजन में भी नहीं बताया गया है यानी उस किरदार को जानने के लिए अगले सीजन का इंतजार करना पड़ सकता है.

अब अगर आप रणदीप हुड्डा के फैन हैं और आपको कॉप-थ्रिलर फिल्में या सीरीज पसंद हैं, तो ‘इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2’ आपको निराश नहीं करेगी. हालांकि इसमें कुछ नयापन कम है, लेकिन दमदार एक्टिंग, यूपी का स्वैग और ढेर सारा ड्रामा इसे एक एंटरटेन बनाता है. आप इसे देखना शुरू करेंगे तो अंत तक इसके साथ जुड़ जाएंगे.

शेयर बाजार पर अगले हफ्ते बड़ा असर, ईरान-अमेरिका तनाव से बढ़ी चिंता

नई दिल्ली

 भारतीय शेयर बाजार (Stock Market Outlook) के लिए अगला हफ्ता काफी अहम रहने वाला है। ईरान-अमेरिका तनाव, कच्चे तेल की कीमत, एफआईआई की चाल और घरेलू आर्थिक आंकड़े बाजार की चाल निर्धारित करेंगे। आने वाले सत्रों में निवेशकों की निगाहें अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष पर होंगी। दोनों देशों के बीच लगातार तनाव बना हुआ है।
वहीं, ईरान हॉर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए एक नया प्लान पेश करने वाला है। दूसरी तरफ अमेरिका भी ईरान के लेकर आक्रामक बना हुआ है। कच्चे तेल पर निवेशकों की निगाहें बनी हुई हैं।

तेल के दाम उछले
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के विदेश मंत्री के बयानों के बाद शुक्रवार को तेल की कीमतों में 3 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई, जिससे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास जहाजों पर हमलों और जब्ती को रोकने के लिए संभावित समझौते की उम्मीदें कमजोर हो गई हैं।
इस सप्ताह के दौरान, ईरान-अमेरिका संघर्ष को लेकर अनिश्चितता के चलते ब्रेंट क्रूड में 7.84 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि डब्ल्यूटीआई में 10.48 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

विदेशी निवेशक भी खफा
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) भी भारतीय शेयर बाजार के लिए काफी अहम होने वाले हैं। एफआईआई ने इस महीने में अब तक (16 मई तक) 27,177 करोड़ रुपए की बिकवाली की है। वहीं, 2026 में अब तक 2,31,486 करोड़ रुपए सेकेंडरी इक्विटी बाजार से निकाल चुके हैं। वहीं, प्राइमरी बाजार के माध्यम से वर्ष के दौरान कुल निवेश 12,468 करोड़ रुपए रहा है।
इस वर्ष एफपीआई द्वारा की गई कुल बिक्री पिछले वर्ष दर्ज की गई कुल निकासी को पार कर चुकी है। दूसरी तरफ घरेलू आर्थिक आंकड़े भी बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। 21 मई को एचएसबीसी पीएमआई का डेटा जारी होगा। वहीं, 22 मई को बैंक लोन, बैंक डिपॉजिट और विदेशी मुद्रा भंडार जैसे आंकड़े जारी होंगे। भारतीय शेयर बाजार के लिए बीता हफ्ता नुकसान वाला रहा।

कैसा रहा पिछला हफ्ता?
पिछले हफ्ते सेंसेक्स 2,090 अंक या 2.70 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 75,237 और निफ्टी 532 अंक या 2.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,643 पर बंद हुआ। इस दौरान सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी 8.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ टॉप गेनर था।
निफ्टी आईटी 5.71 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 4.71 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 4.36 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया डिफेंस 4.16 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक 4.12 प्रतिशत, निफ्टी ऑयलएंडगैस 3 प्रतिशत और निफ्टी मीडिया 2.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
दूसरी तरफ निफ्टी फार्मा 2.18 प्रतिशत, निफ्टी हेल्थकेयर 2.17 प्रतिशत और निफ्टी मेटल 1.91 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।

 

पावर ग्रिड के तिमाही नतीजे: मुनाफे में 9.7% की बढ़ोतरी

नई दिल्ली

 सरकारी कंपनी पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने तिमाही नतीजों का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने दी जानकारी में कहा है कि सालाना आधार पर नेट प्रॉफिट 9.7 प्रतिशत बढ़ा है। जनवरी से मार्च 2026 के दौरान इस कंपनी का कुल नेट प्रॉफिट 4546 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 4143 करोड़ रुपये रहा था। बता दें, कंपनी ने तिमाही नतीजों के साथ-साथ डिविडेंड का भी ऐलान किया है।

रेवन्यू में गिरावट
पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के रेवन्यू में गिरावट दर्ज की गई है। मार्च तिमाही के दौरान कंपनी का कुल रेवन्यू 11666 करोड़ रुपये रहा था। एक साल पहले मार्च क्वार्टर में 12275 करोड़ रुपये कंपनी का रेवन्यू रहा था।

कंपनी के EBITDA में भी मार्च तिमाही के दौरान 11.30 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी का EBITDA जनवरी से मार्च क्वार्टर के दौरान 9066 करोड़ रुपये रहा था। साल भर पहले इसी तिमाही में यह 10224 करोड़ रुपये रहा था।

तिमाही नतीजों के साथ-साथ कंपनी के बोर्ड ने 5000 करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी दे दी है।

कितना डिविडेंड दे रही है कंपनी
सरकारी कंपनी ने 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले एक शेयर पर योग्य निवेशकों को 1.25 रुपये का डिविडेंड देने का ऐलान किया है। कंपनी इससे पहले फरवरी के महीने में एक्स-डिविडेंड ट्रेड की थी। तब योग्य निवेशकों को एक शेयर पर 3.25 रुपये का डिविडेंड मिला था

शेयरों का प्रदर्शन कैसा?
शुक्रवार को बाजार के बंद होने के समय पर पावर ग्रिड कारपोरेशन के शेयर 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ 305.85 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। पिछले 6 महीने में कंपनी के शेयरों की कीमतों में 12 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली है। वहीं, एक साल में यह स्टॉक पोजीशनल निवेशकों को 2 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। बता दें, कंपनी का 52 वीक हाई 324.80 रुपये और 52 वीक लो लेवल 250.05 रुपये है। इस कंपनी का मार्केट कैप 2.84 लाख करोड़ रुपये का है।

तीन साल में Power Grid के शेयरों की कीमतों में 67 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। वहीं, 5 साल में पीएसयू स्टॉक का भाव 137 प्रतिशत बढ़ा है। बता दें, बीते 10 साल में पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया के शेयरों का भाव 276 प्रतिशत बढ़ा है।

कंपनी में सरकार की कितनी हिस्सेदारी?
Trendlyne के डाटा के अनुसार इस कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 51.30 प्रतिशत थी। वहीं, सिंगापुर सरकार के पास 2.1 प्रतिशत हिस्सा है।

खेलों के मैदान से चमकेगा बस्तर, पहली रेजिडेंशियल अकादमी खोलेगी सफलता के द्वार

जगदलपुर.

बस्तर के युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र में एक बड़ा अवसर तैयार हो रहा है. जगदलपुर में पहली बार आवासीय खेल अकादमी शुरू की जा रही है. इसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी को शामिल किया गया है. खेल एवं युवा कल्याण विभाग इस परियोजना को इस वित्तीय वर्ष में शुरू करेगा.

संचालक तनुजा सलाम ने तैयारियों का जायजा लेने जगदलपुर का दौरा किया. खिलाड़ियों के रहने, खाने, पढ़ाई और प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. पंडरीपानी हॉकी सेंटर का निरीक्षण कर खिलाड़ियों से संवाद भी किया गया. 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालकों के लिए.चयन ट्रायल जल्द शुरू होंगे. कुल 65 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा.

चयनित खिलाड़ियों को मुफ्त प्रशिक्षण, डाइट और आधुनिक उपकरण मिलेंगे. इसके साथ आवास, शिक्षा, इलाज और बीमा जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी. इस पहल से बस्तर की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकेंगी. खेल के जरिए बस्तर की नई पहचान गढ़ने की तैयारी शुरू हो चुकी है.

बस्तर दौरे पर कल आएंगे अमित शाह, सुरक्षा और तैयारियों में जुटी सरकार

जगदलपुर.

बस्तर एक बार फिर देश की सियासत और सुरक्षा रणनीति के केंद्र में है. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 और 19 मई को अपने दो दिवसीय दौरे पर बस्तर पहुंच रहे हैं. यह उनका 2019 के बाद दसवां दौरा होगा, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है.

इस बार दौरे का फोकस सिर्फ सुरक्षा नहीं, बल्कि विकास और जनसुविधाओं पर भी रहेगा. आसना स्थित बादल अकादमी और नेतानार में प्रस्तावित कार्यक्रम इसकी झलक देंगे. प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने तैयारियों का जायजा लिया. अधिकारियों के साथ सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. शाह का हर दौरा बस्तर में एक नई पहल या संदेश लेकर आता रहा है. तर्रेम हमले के बाद संवेदनशील दौरे से लेकर बस्तर दशहरा में शामिल होने तक, उनका जुड़ाव लगातार बढ़ा है. अब नक्सल उन्मूलन अभियान की सफलता के बाद यह दौरा और भी अहम माना जा रहा है.

दो दिनों के प्रवास में सुरक्षा समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित है. जहां नक्सल मुक्त बस्तर की स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी. बस्तर में यह दौरा सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि विश्वास और बदलाव का संकेत बन चुका है.

South Eastern Coalfields Limited (SECL) में नौकरी के नाम पर 12 लाख की ठगी, बोलेरो खरीदकर की गई धोखाधड़ी

सक्ती 

नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपित को मालखरौदा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपित ने प्रार्थी एवं अन्य पीड़ितों से कुल 12 लाख रुपये की ठगी की थी तथा ठगी की रकम में से पांच लाख 75 हजार रुपये से बोलेरो वाहन खरीदा था।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी डालेश्वर प्रसाद चंद्रा, निवासी ग्राम सकर्रा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने एसईसीएल गेवरा प्रोजेक्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे रुपये लिए हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि वर्ष 2011 में आरोपित सुरेश कुमार दुबे (57 वर्ष), ग्राम नुनेरा (भेलवाभांटा), थाना पाली, जिला कोरबा ने प्रार्थी एवं अन्य लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर करीब 12 लाख रुपये वसूल किए थे।

 

छत्तीसगढ़ में शराब की बोतलों पर CM और मंत्री की फोटो लगाने की मांग, एप्लीकेशन वायरल

भटगांव

 जिला बेमेतरा के विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत ग्राम कुंवारा निवासी सतीश मारकंडे का एक अनोखा आवेदन इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सुशासन तिहार के दौरान आबकारी विभाग को दिए गए इस आवेदन ने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है।

आवेदन में रखी गई अनोखी मांग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदन में मांग की गई है कि जिस तरह शासन की विभिन्न योजनाओं और प्रचार सामग्री में मुख्यमंत्री तथा प्रभारी मंत्री की तस्वीरें लगाई जाती हैं, उसी प्रकार शासन द्वारा बेची जाने वाली शासकीय शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री की फोटो अंकित की जाए।

 

अंबिकापुर में पति की हैवानियत, गर्भवती पत्नी की दर्दनाक मौत

अंबिकापुर 

शहर से लगे ग्राम भिट्ठीकला में गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या करने वाला आरोपित पति प्रदीप अगरिया अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस तथ्य का पता चला है कि आरोपित पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए पत्नी के प्राइवेट पार्ट में लगभग 10 इंच लंबा लोहे का रेती (लोहे को घिसने वाला औजार) डाल दिया था। महिला का बच्चेदानी भी फट गया था। गर्भ में पल रहे तीन माह के गर्भस्थ की भी मौत हो गई थी।

अंबिकापुर से लगे ग्राम भिट्ठीकला निवासी विवाहिता हीराबाई (23) को गुरुवार की रात उसके पति प्रदीप अगरिया ने बेरहमी से पीटा था। जब हीराबाई बेसुध हो गई थी तो उसे बाइक पर कपड़े से बांध कर अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचा था।पत्नी के सड़क हादसे में घायल होने की जानकारी उसने दी थी। जांच के पश्चात जब चिकित्सकों ने विवाहिता के मौत की जानकारी दी तो आरोपित पति वहां से भाग गया था। अभी तक पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

नीमच में शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, 4 घंटे तक सड़क जाम

 मनासा/महागढ़ (नीमच)

महागढ़ के एक ग्रामीण की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ व स्वजनों ने नगर के मनासा नाके पर शव रखकर जाम कर दिया। लगभग 4 घंटे से अधिक चले जाम के दौरान स्वजनों और भीड़ ने दूसरे पक्ष के लोगों पर ग्रामीण की हत्या के आरोप लगाए हैं। साथ ही पूर्व की शिकायत पर पुलिस द्वार कार्रवाई में अनदेखी करने का दावा भी किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती है तो ग्रामीण की जान नहीं जाती। एसडीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। एसडीएम ने ग्रामीण के स्वजनों को आर्थिक सहायता देने का भरोसा भी दिया है।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आहत PHD छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

दतिया

शादी का वादा कर मुकर गए प्रेमी और उसकी दो बहनों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर एक युवती ने अपने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। मामला तब गरमाया जब मृतका के शव के पास पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें उसने अपने साथ हुई पूरी घटना का आरोपियों के नाम सहित जिक्र किया है। मामला गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पचोरखर सुनारी फैक्ट्री का है। मृतका ग्वालियर में पीएचडी की छात्रा थी।

घटना के बारे में परिजन ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे युवती घर में अपने कमरे से ऊपर छोटे भाई के कमरे में गई और दुपट्टे से फांसी लगा ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो वह फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेजा। शनिवार दोपहर पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu